पांवटा साहिब की बेटी ने बढ़ाया हिमाचल का मान, अमेरिका में कैंसर रिसर्च के लिए डॉ. सना खान का चयन
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब की होनहार बेटी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से विदेश में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। डॉ. सना खान का अमेरिका के प्रतिष्ठित एमोरी विश्वविद्यालय में कैंसर रिसर्च के मास्टर्स कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है, जिससे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
पांवटा साहिब की डॉ. सना खान अब अमेरिका में कैंसर रिसर्च के क्षेत्र में उच्च शिक्षा हासिल करेंगी। अटलांटा स्थित Emory University में उनका चयन उनकी प्रतिभा, मेहनत और शोध के प्रति समर्पण का प्रमाण माना जा रहा है।
डॉ. सना खान पांवटा साहिब के प्रतिष्ठित शाहबाज खान परिवार से संबंध रखती हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पांवटा साहिब स्थित द स्कॉलर्स होम स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने मेडिकल क्षेत्र में उच्च शिक्षा हासिल की और अब कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जुड़े शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने जा रही हैं।
डॉ. सना का उद्देश्य कैंसर रिसर्च के माध्यम से चिकित्सा क्षेत्र में योगदान देना और मानवता की सेवा करना है। अमेरिका के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में मास्टर्स कार्यक्रम के लिए उनका चयन उनके शैक्षणिक सफर की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उनकी इस सफलता से परिवार, मित्रों और पांवटा साहिब क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने डॉ. सना खान और उनके परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
