पांवटा साहिब में 13.680 किलो चूरा पोस्त बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब में नशे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। SIU नाहन की टीम ने कार्रवाई करते हुए 13 किलो 680 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को SIU नाहन की पुलिस टीम मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत गश्त पर थी। इसी दौरान टीम रैनबैक्सी चौक के पास मौजूद थी, जहां पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि तीन व्यक्ति पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों में चूरा पोस्त/डोडे के टुकड़े बेचने का काम करते हैं।
सूचना के मुताबिक, तीनों आरोपी बाहरी राज्यों से भारी मात्रा में चूरा पोस्त/डोडे के टुकड़े लेकर आए थे और अपनी मोटरसाइकिलों के साथ HP Toll Tax Barrier, भूपपुर के पास खड़े थे।
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर तीनों व्यक्तियों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 13 किलो 680 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान नसीम पुत्र दीन मोहम्मद निवासी गांव पलहोड़ी, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर, उसमान पुत्र यामीन उर्फ मीना निवासी गांव जाट्टोंवाला, तहसील छछरोली, जिला यमुनानगर, हरियाणा तथा अली अहमद पुत्र कुरड़िया निवासी गांव डारपर, तहसील छछरोली, जिला यमुनानगर, हरियाणा के रूप में की है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है तथा पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चूरा पोस्त कहां से लाया गया था और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
