उपायुक्त की अपील: PLFS सर्वेक्षण में सही जानकारी दें, रोजगार की नीतियां बनाने में मिलेगी मदद
नाहन, 13 अगस्त। जिला सिरमौर में रोजगार और बेरोजगारी से जुड़ी अहम जानकारी जुटाने के लिए आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (PLFS) का कार्य जुलाई माह से चल रहा है। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने जिला वासियों से अपील की है कि वे सर्वेक्षण में नियुक्त कर्मचारियों को पूर्ण सहयोग दें और सही व पूरी जानकारी उपलब्ध करवाएं।
उपायुक्त ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार के आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा जिला सिरमौर में Periodic Labour Force Survey (PLFS) करवाया जा रहा है। इस सर्वेक्षण के माध्यम से रोजगार, बेरोजगारी तथा श्रम बल में जनसंख्या की भागीदारी से संबंधित महत्वपूर्ण और विश्वसनीय आंकड़े एकत्रित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़े सरकार को रोजगार सृजन तथा सामाजिक-आर्थिक विकास से जुड़ी प्रभावी नीतियां और कार्यक्रम तैयार करने में मदद करेंगे।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त सभी जानकारी को पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
उन्होंने जिला वासियों के साथ-साथ ग्राम पंचायतों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों से भी अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सरकार द्वारा नियुक्त क्षेत्रीय कर्मचारियों को सर्वेक्षण कार्य में पूरा सहयोग प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के लिए सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाना आवश्यक है, ताकि जिला सिरमौर में सर्वेक्षण का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
