हिमाचल में फिर बदलेगा मौसम, 14 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट
शिमला। हिमाचल में बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है। अगले कुछ दिनों में मौसम फिर करवट लेगा और कई जिलों में भारी बारिश परेशानी बढ़ा सकती है। 14 अगस्त को सिरमौर समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के 13 अगस्त को जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में 13 से 19 अगस्त तक मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ जिलों में भारी बारिश के दौर देखने को मिलेंगे।
14 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 14 अगस्त को बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं मंडी में भी 14 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
बिलासपुर में 14 और 15 अगस्त को भारी बारिश तथा 17 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। कांगड़ा में 13 से 17 अगस्त तक कुछ स्थानों पर लगातार भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
17 और 18 अगस्त को भी बिगड़ेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 15 और 16 अगस्त को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 17 और 18 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 19 अगस्त को भी कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का अनुमान है।
शिमला में 16 और 17 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि सोलन में 17 अगस्त को भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
किन्नौर-लाहौल स्पीति में तेज हवाओं का अलर्ट
13 से 19 अगस्त के बीच किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवाओं की संभावना है।
भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा
भारी से बहुत भारी बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, मलबा खिसकने और अचानक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड का खतरा बढ़ सकता है। नदियों और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने के साथ निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
बारिश के कारण पहाड़ी सड़कों पर फिसलन बढ़ने से यातायात भी प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को संवेदनशील क्षेत्रों, नदी-नालों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने तथा मौसम संबंधी अलर्ट पर नजर रखने की सलाह दी है। वाहन चालकों से भी खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
