नाहन में पर्यटकों और पुलिस के बीच विवाद, गाली-गलौज व धक्का-मुक्की से मचा हंगामा
नाहन में नो-पार्किंग से शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में तनावपूर्ण स्थिति में बदल गया। पुलिस और पर्यटकों के बीच कहासुनी के बाद गाली-गलौज व कथित धक्का-मुक्की का मामला सामने आया, जिसके चलते मौके पर करीब 45 मिनट तक हंगामा चलता रहा।
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के महलात क्षेत्र में बुधवार शाम हरियाणा से आए कुछ पर्यटकों और यातायात पुलिस के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि मामला नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़ी कार को हटाने और सार्वजनिक स्थान पर कथित अभद्र व्यवहार को लेकर शुरू हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यातायात पुलिस ने हरियाणा नंबर की कार को नो-पार्किंग क्षेत्र से हटाने के लिए कहा। इसी दौरान पर्यटकों और पुलिसकर्मियों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी हुई। आरोप है कि कुछ युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और कथित तौर पर धक्का-मुक्की की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान एक युवक ने यातायात प्रभारी के साथ कथित तौर पर हाथापाई करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि एक युवक लगातार आक्रामक व्यवहार करता रहा, जबकि मौके पर एक-दो युवतियां भी मौजूद थीं।
इस दौरान एक कार को सड़क के बीच में खड़ा किए जाने से यातायात भी प्रभावित हुआ। मौके पर लोगों की भीड़ जुटने के कारण स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान संयम बरता और युवकों को समझाने का प्रयास किया। इसी बीच कुछ स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। तनाव बढ़ने पर स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने युवकों को मौके से हटाकर गुन्नुघाट पुलिस चौकी पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने हरियाणा नंबर की कार HR-07-AG-7821 को कब्जे में लिया है। पुलिस द्वारा मामले में शामिल लोगों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि विवाद से पहले युवकों द्वारा भीड़भाड़ वाले महलात क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर कथित रूप से पेशाब किया जा रहा था। इसी बात पर यातायात पुलिस ने उन्हें टोका था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और मामले में आगे की कार्रवाई का विवरण सामने आना बाकी है।
घटनास्थल पर एक समय स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि कुछ लोग युवकों के साथ मारपीट करने के लिए आगे बढ़ते दिखाई दिए। इसी दौरान गुन्नुघाट चौकी प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और एक युवक को कार से बाहर निकालकर पुलिस के साथ ले गए।
पुलिस की तत्परता से स्थिति को और बिगड़ने से रोक लिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
