सराहां में दो बसों की टक्कर, HRTC बस क्षतिग्रस्त; चालक के खिलाफ केस दर्ज
सराहां में सुबह दो बसों की आमने-सामने टक्कर से अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में HRTC बस की साइड क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि गनीमत रही कि किसी यात्री को चोट नहीं आई।
सराहां (सिरमौर)। पुलिस थाना पच्छाद के अंतर्गत भेलन के पास दो बसों की टक्कर का मामला सामने आया है। हादसे में HRTC की सरकारी बस को नुकसान पहुंचा है। मामले में पुलिस ने निजी बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, HRTC डिपो नाहन के चालक रोहित पुंडीर ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह सरकारी बस नंबर HP71A-9355 को सराहां बस अड्डे से लेकर जा रहे थे। जब बस भेलन से पहले एक मोड़ पर पहुंची, उसी दौरान भेलन की तरफ से सराहां की ओर आ रही निजी बस ‘शीतल’ नंबर HP16AA-8085 ने सरकारी बस की साइड में टक्कर मार दी।
टक्कर के कारण HRTC बस को नुकसान पहुंचा। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना पच्छाद में निजी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि निजी बस चालक बस को जल्दबाजी, लापरवाही और गफलत से चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
