पुलिस थाना कालाअंब में दड़ा-सट्टा का मामला दर्ज
कालाअंब में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सब्जी मंडी क्षेत्र में दड़ा-सट्टा लगाते एक व्यक्ति को दबोचा। मौके से सट्टा पर्चियों के साथ 1,140 रूपए नकद बरामद!
कालाअंब (सिरमौर)। पुलिस थाना कालाअंब की पुलिस टीम ने सब्जी मंडी क्षेत्र में गश्त के दौरान गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को दड़ा-सट्टा लगाते हुए दबोचा है। आरोपी की पहचान नाम रंजीत कुमार पुत्र रामलाल शाह, निवासी गांव पकड़ी बसंतपुर, जिला सीतामढ़ी (बिहार) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी 10 रुपये के बदले 90 रुपये का लालच देकर लोगों से दड़ा-सट्टा खेलने के लिए प्रेरित कर रहा था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दड़ा-सट्टा पर्चियों सहित कुल 1140 रुपये नकद बरामद हुए। बहरहाल, आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना कालाअंब में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजनता से भी अपील की है कि यदि वो अपने आसपास किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि देखें तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
