केंद्र की नीतियों पर जी.आर. मुसाफिर का जुबानी हमला, बोले- युवा-किसान सड़कों पर, प्रदेश के साथ हो रहा भेदभाव
राजगढ़ (सिरमौर)। केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जी.आर. मुसाफिर ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में युवा और किसान अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर हैं, लेकिन उनकी आवाज सुनने के बजाय उन पर लाठियां बरसाई जा रही हैं, जो लोकतंत्र और संविधान के लिए चिंता का विषय है।
राजगढ़ में आयोजित पत्रकार वार्ता में मुसाफिर ने केंद्र की भाजपा सरकार पर आम जनता से किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले हर साल दो करोड़ रोजगार, 100 स्मार्ट सिटी और विदेशों से काला धन वापस लाने जैसे बड़े वादे किए थे, लेकिन इनमें से कई वादे धरातल पर पूरे नहीं हो सके।
आपदा राहत को लेकर केंद्र पर निशाना
मुसाफिर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के साथ लगातार भेदभाव कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले आरजीडी बंद कर दी गई और अब आपदा से हुए नुकसान के बावजूद प्रदेश को अपेक्षित आर्थिक सहायता नहीं मिली।
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री की ओर से आपदा राहत के लिए 1500 करोड़ रुपये की घोषणा की गई थी, लेकिन प्रदेश को अभी तक उसका लाभ नहीं मिला। उन्होंने प्रदेश के भाजपा सांसदों पर भी इस मुद्दे को केंद्र के समक्ष मजबूती से न उठाने का आरोप लगाया।
सुक्खू सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि वित्तीय संकट के बावजूद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विकास कार्यों की गति को प्रभावित नहीं होने दिया है। उनके अनुसार प्रदेश सरकार ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों को राहत देने का प्रयास किया है।
नेरीपुल-सनौरा मार्ग के लिए 203 करोड़ की मंजूरी
मुसाफिर ने बताया कि नेरीपुल-सनौरा मार्ग के लिए 203 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के लोगों में खुशी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी जोनों के लोगों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त करने के लिए शिमला जाएगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सराहां-चंडीगढ़ मार्ग को राज्य प्राथमिकता में शामिल किया गया है और इसकी डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। उन्होंने कहा कि इस सड़क परियोजना को एशियन डेवलपमेंट बैंक के माध्यम से आगे बढ़ाने की योजना है। इससे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही सड़क की मांग पूरी होने की उम्मीद है।
मोरनी के साथ मिनी चंडीगढ़ बसाने की योजना
मुसाफिर ने कहा कि मोरनी क्षेत्र के साथ प्रदेश के भीतर मिनी चंडीगढ़ शहर विकसित करने की दिशा में भी कार्य चल रहा है। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण पहल बताया।
पत्रकार वार्ता में पच्छाद कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष परीक्षा चौहान, दिनेश आर्य, रणजोत सिंह, दुर्गेश कुमार, सुरेंद्र शर्मा, यशवंत सिंह और सरदार कुलदीप सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
