नाहन बस स्टैंड से चोरी का पर्दाफाश, 14 हजार नकद समेत पूरा सामान बरामद; 4 आरोपी पुलिस जांच के दायरे में
नाहन (सिरमौर)। नाहन बस स्टैंड पर पेशाब करने गए 60 वर्षीय व्यक्ति का बैग चोरी करने के मामले का नाहन पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। CCTV फुटेज की मदद से मुख्य आरोपी तक पहुंची पुलिस ने चोरी किए गए बैग, पासबुक, चेक बुक और 14 हजार रुपये की नकदी समेत 100 प्रतिशत बरामदगी कर ली है।
मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ उसके तीन अन्य साथियों की संलिप्तता भी सामने लाई है। तीनों को पुलिस ने जांच में शामिल करते हुए नियमानुसार नोटिस जारी किया है।
07 अगस्त को दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के अनुसार, 07 अगस्त 2026 को थाना नाहन में FIR संख्या 147/26 के तहत BNS की धारा 303(2) में मामला दर्ज किया गया था।
शिकायतकर्ता बीर सिंह (60), निवासी गांव गुंडाह क्यारी ने पुलिस को बताया था कि 07 अगस्त की शाम करीब 5 बजे वह नाहन बस स्टैंड पर पेशाब करने गए थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका काले रंग का पिठ्ठू बैग चोरी कर लिया।
बैग में SBI बैंक की पासबुक, करीब 14 हजार रुपये नकद और एक चेक बुक रखी हुई थी।
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच पुलिस चौकी कच्चा टैंक के मुख्य आरक्षी सिद्धार्थ गौतम (नंबर 168) ने की। जांच के दौरान पुलिस ने HRTC नाहन बस स्टैंड परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सतवंत सिंह (20), पुत्र गुरमीत सिंह, निवासी मोहल्ला गोबिन्दगढ़, नाहन की पहचान की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सतवंत सिंह को 08 अगस्त 2026 की रात करीब 12:50 बजे नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिमांड में बरामद हुआ चोरी का सामान
पुलिस ने आरोपी सतवंत सिंह को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त किया। रिमांड के दौरान BSA की धारा 23(2) के तहत आरोपी का बयान दर्ज किया गया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया पिठ्ठू बैग, SBI पासबुक और चेक बुक बरामद कर ली।
इसके बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 22 अगस्त 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पूछताछ में तीन अन्य आरोपियों के नाम सामने आए
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी सतवंत सिंह ने चोरी की वारदात में अपने तीन अन्य साथियों की संलिप्तता का खुलासा किया।
इसके आधार पर पुलिस ने सन्नी सिंह (33), निवासी जालंधर, पलविन्द्र सिंह (33), निवासी मोहल्ला गोबिन्दगढ़, नाहन और बलिन्द्र सिंह (37), निवासी मोहल्ला गोबिन्दगढ़, नाहन को 10 अगस्त 2026 को जांच में शामिल किया।
मामले में इसके बाद BNS की धारा 317(2) और 3(5) भी जोड़ी गई हैं।
14 हजार रुपये की नकदी भी बरामद
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पलविन्द्र सिंह ने चोरी किए गए 14 हजार रुपये पुलिस के समक्ष पेश किए। पुलिस ने नकदी को फर्द के माध्यम से कब्जे में ले लिया है।
सन्नी सिंह, पलविन्द्र सिंह और बलिन्द्र सिंह को BNSS की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर जांच में पाबंद किया गया है।
पुलिस ने की 100 प्रतिशत रिकवरी
नाहन पुलिस के अनुसार, इस मामले में चोरी हुए सामान और पूरी नकदी की बरामदगी कर ली गई है। पुलिस ने मामले में शत-प्रतिशत रिकवरी का दावा किया है और अब कोई अन्य बरामदगी शेष नहीं है।
पुलिस द्वारा मामले की आगामी जांच नियमानुसार जारी है।
