क्या कालाअंब के मारकंडा नदी पुल पर मंडरा रहा खतरा? पिलर के पास कटाव ने बढ़ाई चिंता
कालाअंब (सिरमौर)। क्या मारकंडा नदी का बदलता बहाव कालाअंब के समीप स्थित पुल के एक पिलर के लिए खतरा बन सकता है? पिलर के पास डंग्गा टूटने और नींव के आसपास कटाव की आशंका ने पुल की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के समीप हरियाणा सीमा में स्थित मारकंडा नदी के पुल को लेकर रविवार को चिंता उस समय बढ़ गई, जब नदी में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे कुछ श्रद्धालुओं ने पुल के एक पिलर के आसपास की स्थिति में बदलाव देखा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिलर के पास डंग्गा टूटने के कारण नदी की धारा का रुख पिलर की ओर होता दिखाई दे रहा है। श्रद्धालुओं ने पिलर की नींव के आसपास भी पहले की तुलना में अधिक गहराई नजर आने की बात कही। इसके बाद पुल की सुरक्षा को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठने लगे हैं।
आशंका जताई जा रही है कि यदि नदी का बहाव लगातार पिलर की ओर बना रहता है तो नींव के आसपास कटाव बढ़ सकता है। हालांकि, फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि पुल को वास्तविक रूप से कोई खतरा है या पिलर की नींव को नुकसान पहुंचा है। इसकी स्थिति तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मामले को लेकर लोक निर्माण विभाग उपमंडल सढोरा के सहायक अभियंता अनुराग जिंदल ने बताया कि कालाअंब स्थित मारकंडा नदी के पुल की जांच के लिए विभागीय टीम भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि तकनीकी टीम की जांच के बाद ही पुल की वास्तविक स्थिति और संभावित खतरे को लेकर पूरी तस्वीर स्पष्ट हो पाएगी।
अब बड़ा सवाल यही है कि क्या नदी की धारा का पिलर की ओर मुड़ना महज अस्थायी स्थिति है या आने वाले दिनों में यह पुल की नींव के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है? विभागीय जांच के बाद ही इसका जवाब मिल सकेगा।
