मोबाइल को लेकर डांट के बाद कमरे में गई 11 साल की बच्ची, कुछ देर बाद मिली अचेत; अस्पताल पहुंचते ही मौत
मंडी। मंडी जिले के धर्मपुर में मोबाइल फोन को लेकर घर में हुई कहासुनी के कुछ देर बाद 11 वर्षीय बच्ची की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन जब कमरे में पहुंचे तो बच्ची अचेत अवस्था में मिली, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मोबाइल इस्तेमाल को लेकर हुई थी कहासुनी
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, परिवार में तीन बच्चे हैं और घर में मोबाइल फोन एक ही है। मोबाइल इस्तेमाल करने को लेकर बच्चों के बीच अक्सर बहस होती रहती थी।
शनिवार शाम भी मोबाइल फोन को लेकर तीनों बच्चों के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान 11 वर्षीय बच्ची को अधिक मोबाइल चलाने पर उसकी मां ने डांटा। बताया जा रहा है कि इससे पहले दिन में बच्ची की नानी ने भी उसे मोबाइल को लेकर समझाया था।
परिजनों के अनुसार, डांट के बाद बच्ची नाराज होकर अपने कमरे में चली गई। कुछ समय बाद जब परिवार के सदस्य नीचे की मंजिल से कमरे की ओर गए तो बच्ची अचेत अवस्था में मिली।
अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं मिली कोई प्रतिक्रिया
बच्ची को अचेत अवस्था में देखकर परिजनों ने उसे संभाला और आसपास के लोगों की मदद से तत्काल सिविल अस्पताल धर्मपुर पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
बच्ची की अचानक मौत की सूचना मिलते ही परिवार के लोगों और ग्रामीणों की भीड़ अस्पताल में जुट गई। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी अस्पताल पहुंची और मामले से जुड़ी प्रारंभिक जानकारी जुटाई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सरकाघाट भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, अभी बच्ची की मौत के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बच्ची की मौत किस वजह से हुई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
