चलती पिकअप की अचानक खुली खिड़की, नीचे गिरकर चपेट में आया 38 वर्षीय युवक; राजगढ़ में दर्दनाक हादसा
राजगढ़ (सिरमौर)। एक पल में खुली पिकअप की खिड़की और अगले ही पल 38 वर्षीय अरुण कुमार की जिंदगी खत्म हो गई। चलती पिकअप से नीचे गिरने के बाद वह उसी वाहन की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही नेरी कोटली पंचायत और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार विकास खंड राजगढ़ की नेरी कोटली पंचायत के ड्रैना निवासी अरुण कुमार एक पिकअप में सवार होकर नेरी कोटली की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में अचानक पिकअप की खिड़की खुल गई, जिससे अरुण कुमार असंतुलित होकर सड़क पर नीचे गिर गए। इसी दौरान वह पिकअप की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पंचायत उपप्रधान राजकुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि अरुण कुमार के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। अब परिवार में उनकी माता, पत्नी और आठ वर्षीय बेटा हैं। इस हादसे ने परिवार से कम उम्र में ही एक महत्वपूर्ण सदस्य छीन लिया है और मां से उसका एकमात्र सहारा भी चला गया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है।
जीआर मुसाफिर ने परिवार से मिलकर जताया दुख
दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जीआर मुसाफिर शोक संतप्त परिवार से मिले। उन्होंने अरुण कुमार के निधन पर गहरा दुख जताते हुए परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
वहीं, विधायक रीना कश्यप ने भी अरुण कुमार के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवा अवस्था में इस तरह असमय किसी का चले जाना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के तहत मृतक के शव का स्थानीय अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद देर शाम शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पीछे रह गए मां, पत्नी और आठ वर्षीय बेटे के लिए अब यह दुख जिंदगी भर का खालीपन छोड़ गया है।
