नाहन-पांवटा मार्ग पर 3 घंटे जाम से हाहाकार, सड़क के बीच ट्राला खड़ा कर चालक बना मुसीबत
नाहन-पांवटा साहिब मार्ग पर नवोदय विद्यालय के पास एक ट्राला सड़क के बीचों-बीच तिरछा खड़ा होने से करीब 3 घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों व वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने 3 घंटे की मशक्कत के बाद खुलवाया रास्ता
नाहन। पुलिस कंट्रोल रूम नाहन से सूचना मिलने के बाद थाना सदर नाहन की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम जब थापा हट, खजूरना के पीछे मोड़ के पास पहुंची तो एक ट्राला सड़क के बीचों-बीच तिरछा खड़ा मिला। इसके चलते नाहन से पांवटा साहिब जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद हो गया था।
मौके पर ट्राला चालक भी मौजूद था। पूछताछ में उसने अपना नाम समीर खान पुत्र अफजल खान, निवासी मंडोपुर, तहसील रामपुर, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस के अनुसार ट्राला नंबर HR45E-3236 चौधरी ट्रेडर्स के नाम पर पंजीकृत है।
सड़क बंद होने से दोनों तरफ लगा लंबा जाम
ट्राला के सड़क के बीच खड़े होने के कारण दोनों तरफ दूर-दूर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे आम लोगों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। पुलिस के अनुसार स्थिति के चलते लोक संकट जैसी स्थिति पैदा हो गई थी।
पुलिस टीम ने मौके पर काफी प्रयास किए, लेकिन ट्राला में रेत भरी होने के कारण उसे सीधे हटाना संभव नहीं था। इसके बाद मौके पर JCB मंगवाई गई। JCB की मदद से पहले ट्राला में भरी रेत को बाहर निकाला गया और ट्राला को खाली किया गया।
इसके बाद JCB की सहायता से ट्राला को सड़क से हटाकर कुछ दूरी पर सड़क किनारे कच्ची जगह पर खड़ा किया गया। पुलिस टीम ने लगातार करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद दोनों तरफ का यातायात बहाल करवाया और जाम में फंसे वाहनों को एक-एक करके निकाला।
ट्राला चालक के खिलाफ FIR
पुलिस के अनुसार ट्राला चालक द्वारा वाहन को सड़क के बीच तिरछा खड़ा कर आम लोगों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न करना धारा 285 BNS के तहत अपराध की श्रेणी में पाया गया। इसके बाद ट्राला को रेत सहित पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
ASI जसविंदर की मौके पर दी गई रिपोर्ट के आधार पर थाना सदर नाहन में ट्राला चालक समीर खान के खिलाफ FIR दर्ज की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से करीब तीन घंटे से बाधित नाहन-पांवटा मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।
