शिलाई के होटल में चल रहा था जुए का खेल, पुलिस ने 5 लोगों को दबोचा; ₹4,200 नकद बरामद
होटल के कमरे में ताश के पत्तों पर पैसों की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे 5 लोगों पर पुलिस ने शिकंजा कसा।
गुप्त सूचना के आधार पर शिलाई पुलिस ने दबिश देकर मौके से ताश के पत्ते और ₹4,200 नकद बरामद किए हैं।
शिलाई (सिरमौर)। पुलिस थाना शिलाई की टीम ने जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए होटल के एक कमरे में जुआ खेल रहे पांच लोगों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से ताश के पत्तों सहित कुल ₹4,200 की नकदी बरामद हुई है।
पुलिस टीम गश्त पर थी, इसी दौरान उसे गुप्त सूचना मिली कि नरेश कुमार निवासी नाया, शिलाई अपने होटल के कमरे में लोगों को जुआ खिला रहा है और खुद भी जुआ खेल रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल के कमरे में दबिश दी। इस दौरान वहां पांच व्यक्ति ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते हुए पाए गए।
पुलिस ने मौके से सीता राम निवासी बश्वा, नरेश कुमार निवासी नाया, जगत सिंह निवासी लोहरांह, राजेश निवासी बमराड और विक्रम निवासी डुडोग को पकड़ा।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ताश के पत्ते और ₹4,200 नकद बरामद किए।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना शिलाई में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
