नाहन में वाहन चोर का आतंक! बाइक नहीं चुरा पाया तो लगा दी आग, CCTV में कैद हुआ पूरा मामला
नाहन में सड़क किनारे खड़ी बाइक को चुराने की कोशिश नाकाम हुई तो आरोपी ने उसे आग के हवाले कर दिया।
तड़के हुई इस वारदात का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें संदिग्ध बाइक के पास काफी देर तक घूमने के बाद आग लगाता दिखाई दे रहा है।
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन में सड़क किनारे खड़े वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई है। बनोग क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक अज्ञात व्यक्ति ने पहले सड़क किनारे खड़ी बाइक को चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन जब वह इसमें सफल नहीं हुआ तो बाइक में आग लगाकर मौके से फरार हो गया। आग लगने से बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई।
घटना नाहन-कुमारहट्टी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शाही मिष्ठान भंडार के समीप की बताई जा रही है। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे जली हुई बाइक देखी तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक व्यक्ति बाइक पर सवार होकर घटनास्थल के पास पहुंचता दिखाई दे रहा है। वह कुछ देर तक वहां खड़ी बाइक के आसपास घूमता रहा और उसे चोरी करने का प्रयास करता नजर आया।
हालांकि, जब बाइक चोरी करने में सफलता नहीं मिली तो संदिग्ध कुछ समय तक वहीं रुका रहा। CCTV फुटेज में वह बीड़ी या सिगरेट पीता हुआ भी दिखाई दे रहा है। इसके बाद उसने कथित तौर पर जलती हुई तीली बाइक पर डाल दी, जिसके बाद बाइक में आग भड़क उठी। आग लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक में आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में वह पूरी तरह जल गई। प्रारंभिक जांच में अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बाइक में आग लगाने के लिए किसी ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल किया गया था या जलती तीली से ही आग लगी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस बाइक के मालिक की पहचान करने के साथ-साथ घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान के प्रयास कर रही है। CCTV फुटेज को जांच का अहम आधार माना जा रहा है। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर संदिग्ध की पहचान और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
घटना के बाद बनोग क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क किनारे खड़े वाहन भी इस तरह निशाना बनने लगें तो वाहन मालिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की पहचान होने के बाद घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता चल सकेगा।
