पांवटा साहिब में जिओन फार्मा के बाहर मजदूरों का प्रदर्शन, महिलाओं को काम न मिलने पर रोष
एक महीने से रोजगार न मिलने का आरोप, रामपुर घाट में कंपनी के बाहर स्थानीय मजदूरों और महिलाओं ने की जोरदार नारेबाजी।
मजदूर नेता प्रदीप चौहान के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय लोगों को प्राथमिकता के आधार पर काम देने की मांग उठाई, मांग पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
पांवटा साहिब। रामपुर घाट स्थित जिओन फार्मा कंपनी के बाहर शुक्रवार को स्थानीय मजदूरों और महिलाओं ने रोजगार की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मजदूर नेता प्रदीप चौहान के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले करीब एक महीने से स्थानीय महिलाओं और अन्य मजदूरों को काम नहीं मिल रहा है, जिसके चलते उनके सामने रोजगार और परिवार के पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
मजदूरों का कहना है कि कंपनी द्वारा स्थानीय ठेकेदारों का काम प्रभावित किए जाने से क्षेत्र के कई परिवारों की आजीविका पर असर पड़ा है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, इसका सबसे अधिक प्रभाव उन महिलाओं पर पड़ा है, जो लंबे समय से कंपनी से जुड़े कार्यों के माध्यम से अपनी आजीविका चला रही थीं।
प्रदर्शन में शामिल मजदूरों और महिलाओं ने कंपनी प्रबंधन से स्थानीय लोगों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने तथा मौजूदा समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हालांकि, इस संबंध में कंपनी प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है। कंपनी का पक्ष मिलने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।
