Shimla News: राजनीतिक पोस्ट शेयर करना और ड्यूटी में लापरवाही तीन पुलिसकर्मियों पर भारी पड़ गई। शिमला पुलिस ने एक साथ तीन कर्मचारियों पर बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है।
शिमला: ड्यूटी में लापरवाही और राजनीतिक पोस्ट पर बड़ी कार्रवाई, दो कांस्टेबल व एक सब इंस्पेक्टर निलंबित
शिमला। जिला पुलिस ने अनुशासनहीनता के मामलों में कड़ा रुख अपनाते हुए दो कांस्टेबल और एक सब इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया है। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी अनुशासन को लेकर स्पष्ट संदेश गया है कि ड्यूटी के दौरान लापरवाही या सेवा नियमों के उल्लंघन को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में पुलिस लाइन कैथू का एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कांस्टेबल राजेश और अनूप अपनी ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतते हुए पाए गए। इस संबंध में तैयार की गई रिपोर्ट एसपी शिमला को भेजी गई, जिसके आधार पर दोनों कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
वहीं दूसरा मामला पुलिस लाइन कैथू में तैनात सब इंस्पेक्टर चिंतामणि से जुड़ा है। आरोप है कि उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक राजनीतिक पोस्ट साझा की थी। मामला विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद इसे सेवा नियमों के उल्लंघन के रूप में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शिमला ने सब इंस्पेक्टर के निलंबन के आदेश जारी किए। उनके खिलाफ भी विभागीय जांच शुरू कर दी गई है, ताकि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा सके।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि एक सब इंस्पेक्टर और दो कांस्टेबलों को निलंबित किया गया है। तीनों कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय जांच चल रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और ड्यूटी में लापरवाही या सेवा नियमों के उल्लंघन पर भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
