हिमाचल: NH-707 पर दर्दनाक हादसा, टेम्पो की अचानक यू-टर्न से युवक की मौके पर मौत
पुरुवाला में देर रात हुए सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। बाइक पर सवार तीन युवकों की टेम्पो से जोरदार टक्कर हुई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
पांवटा साहिब। सिरमौर जिले के पुलिस थाना पुरुवाला में राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज किया गया है। यह मामला तिलक राज निवासी गांव ज्वालापुर, डाकघर निहालगढ़, तहसील पांवटा साहिब की शिकायत पर दर्ज किया गया।
शिकायत के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को वह अपने घर के बाहर ज्वालापुर चौक पर NH-707 के किनारे खड़ा था। इसी दौरान पांवटा साहिब की ओर से एक टेम्पो/छोटा हाथी राजबन की दिशा में जा रहा था। आरोप है कि वाहन चालक ने बिना इंडिकेटर या किसी प्रकार का संकेत दिए अचानक यू-टर्न लेने के लिए वाहन मोड़ दिया।
उसी समय पांवटा साहिब की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल, जिस पर तीन व्यक्ति सवार थे, अचानक मुड़े टेम्पो से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़े।
घायलों की पहचान नीरज, राकेश और मोटरसाइकिल चालक अर्जुन के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद टेम्पो चालक की पहचान मनोज पुत्र दुला राम निवासी टिटियाणा के रूप में हुई।
इस हादसे में मोटरसाइकिल चालक अर्जुन पुत्र भवाऊ निवासी निहालगढ़ की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, अन्य दो घायल युवकों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस थाना पुरुवाला में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।
