कालाअंब में रात 2:30 बजे गोशाला में आग, ग्रामीणों ने बचाईं 50 से ज्यादा गायें
रात के ढाई बजे अचानक उठीं आग की लपटों ने पूरे गांव में हड़कंप मचा दिया। कुछ ही मिनटों की देरी होती तो 50 से अधिक गायें और बछड़े जिंदा आग की चपेट में आ सकते थे, लेकिन ग्रामीणों की सूझबूझ ने बड़ा हादसा टाल दिया।
कालाअंब (सिरमौर): बुधवार देर रात सिरमौर जिले के कालाअंब क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया। ग्राम पंचायत कालाअंब के गांव खारी, मौजा ओगली में स्थित एक गोशाला में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। समय रहते परिवार और ग्रामीणों की तत्परता से गोशाला में मौजूद सभी पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी भी प्रकार की जन या पशुधन की हानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार मध्यरात्रि करीब 2:30 बजे की है। आग लगते ही सुलेमान पुत्र सुबेदीन की गोशाला के भीतर मौजूद करीब 50 से 55 गायों और बछड़ों को बचाने के लिए परिवार के सदस्य तुरंत सक्रिय हो गए। ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और सभी के संयुक्त प्रयासों से सभी पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हालांकि आग की चपेट में आने से गोशाला के भीतर रखा चारा, कृषि उपकरण और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार पीड़ित परिवार को करीब एक लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत कालाअंब के प्रधान यशपाल और उपप्रधान अशोक कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवार से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। पंचायत प्रतिनिधियों ने सरकार से पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत राशि उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
पंचायत प्रधान यशपाल ने बताया कि घटना की जानकारी राजस्व विभाग के पटवारी को दे दी गई है। पटवारी मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करेंगे और रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को भेजेंगे, ताकि नियमानुसार राहत प्रदान की जा सके। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
