चंबा सड़क हादसा: 250 मीटर गहरी खाई में समाई कार, दो परिवारों की खुशियां पलभर में उजड़ी
रात के अंधेरे में हुआ ऐसा दर्दनाक हादसा कि मौके पर पहुंचने वाले ग्रामीणों की भी रूह कांप उठी।
250 मीटर गहरी खाई में गिरी कार से दोनों युवकों को जिंदा निकालने की हर कोशिश नाकाम रही और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा भरमौर उपमंडल की होली तहसील के लामू-हीलिंग मार्ग पर हीलिंग नाले के समीप हुआ, जहां एक ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान सुरेश कुमार (48) पुत्र रंगीला राम तथा संजय कुमार (35) पुत्र शर्मा सरवन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों किसी आवश्यक कार्य से हीलिंग गए थे। देर रात करीब 11 बजे अपने घर लामू लौटते समय उनकी कार हीलिंग नाले के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। बाद में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों शवों को गहरी खाई से बाहर निकाला।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस हादसे से दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सुरेश कुमार अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं, जबकि संजय कुमार के परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षित वाहन संचालन और आवश्यक सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग उठाई है।
