हिमाचल निर्माता डॉ. परमार की जयंती पर उद्योग मंत्री का बड़ा संदेश, चनालग में की कई घोषणाएं
सामुदायिक भवन के लिए 11 लाख, मंदिर और स्कूली सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए भी दी आर्थिक सहायता
नाहन (सिरमौर), 5 अगस्त। हिमाचल निर्माता एवं प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार की 120वीं जयंती पर उनके पैतृक गांव चनालग में आयोजित समारोह में उद्योग, संसदीय कार्य तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने डॉ. परमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण ही हिमाचल प्रदेश का गठन संभव हो पाया और आज राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के गठन के समय प्रति व्यक्ति आय मात्र 247 रुपये थी, जो आज बढ़कर लगभग 2.60 लाख रुपये हो गई है। उस समय प्रदेश में केवल 200 शिक्षण संस्थान थे, जबकि आज इनकी संख्या 15 हजार से अधिक है। उन्होंने कहा कि डॉ. परमार ने अनेक रियासतों को एकजुट कर अलग पहाड़ी राज्य की नींव रखी और हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई। उनके सादगीपूर्ण जीवन और ईमानदार नेतृत्व से आज भी प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि डॉ. परमार मेहनत, ईमानदारी और दृढ़ संकल्प के प्रतीक थे। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश पहाड़ी राज्यों के लिए एक आदर्श मॉडल बन चुका है।
किसानों और पशुपालकों के लिए सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख
उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और बागवानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने गाय के दूध का खरीद मूल्य 61 रुपये प्रति लीटर तथा भैंस के दूध का 71 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया है। इसके अलावा हल्दी का न्यूनतम समर्थन मूल्य 150 रुपये प्रति किलो और अदरक का 30 रुपये प्रति किलो तय किया गया है।
कई विकास कार्यों के लिए की घोषणाएं
हर्षवर्धन चौहान ने चनालग सामुदायिक भवन की छत के निर्माण के लिए 11 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके अलावा ज्वाला माता मंदिर समिति को 50 हजार रुपये तथा स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 25 हजार रुपये देने की भी घोषणा की।
प्रतिमा पर माल्यार्पण और पौधरोपण
कार्यक्रम से पहले उद्योग मंत्री ने डॉ. यशवंत सिंह परमार की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने अर्जुन का पौधा रोपित किया और ज्वाला माता मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
आनंद परमार ने किया स्वागत
डॉ. यशवंत सिंह परमार के पौत्र एवं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद परमार ने उद्योग मंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
स्थानीय समस्याओं पर भी हुई चर्चा
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत लानाबांका के प्रधान शमशेर सिंह ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उद्योग मंत्री को अवगत कराया। वहीं रमेश शास्त्री ने डॉ. परमार के जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बसाहां की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत नेहर स्वार ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर एपीएमसी अध्यक्ष सीताराम शर्मा, एसडीएम पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्रा, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा, दयाल प्यारी, दिनेश आर्य, डीएसपी राजगढ़ विद्या चंद नेगी, ग्राम पंचायत बागथन की प्रधान सरोजबाला, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रणवीर परमार, पूर्व ब्लॉक समिति अध्यक्ष उषा तोमर, विरेंद्र झाल्टा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
