मोगीनंद में NH-07 पर चार वाहन भिड़े, ट्राला-कारों की टक्कर के बाद बाइक भी हुई हादसे का शिकार
कालाअंब (सिरमौर)। कालाअंब-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ ही सेकंड में चार वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, एक ट्राला पांवटा साहिब से कालाअंब की ओर जा रहा था। जैसे ही वह मोगीनंद क्षेत्र में पहुंचा, सामने से आ रही एक कार से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्राला अनियंत्रित होकर पीछे चल रही दूसरी कार से भी जा भिड़ा। इसी दौरान दूसरी कार के पीछे चल रहे बाइक सवार मां-बेटा भी कार से टकरा गए।
हादसे में बाइक चला रहे मोगीनंद निवासी राघव रतन को हल्की चोटें आईं। अन्य सभी वाहन चालक और सवार सुरक्षित रहे। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत मोगीनंद के प्रधान निखिल पुंडीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी पक्षों से बातचीत कर आपसी सहमति से समझौता करा दिया। ट्राला चालक की ओर से क्षतिग्रस्त कारों के नुकसान की भरपाई भी कर दी गई।
प्रधान निखिल पुंडीर ने बताया कि सभी पक्षों के बीच आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया है और किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई।
