Drug Mafia Crackdown: शिमला में 6 करोड़ का 1.120 किलो चिट्टा बरामद, हरियाणा का तस्कर गिरफ्तार
शिमला। हिमाचल में नशे के कारोबार पर पुलिस ने ऐसा वार किया है, जिसने अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क में हड़कंप मचा दिया है। साल 2026 की सबसे बड़ी चिट्टा बरामदगी में शिमला पुलिस ने करीब 6 करोड़ रुपये कीमत का 1 किलो 120 ग्राम हाई ग्रेड चिट्टा (हेरोइन) जब्त कर हरियाणा के एक युवक को गिरफ्तार किया है।
हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शोघी क्षेत्र में नाकाबंदी कर कार्रवाई करते हुए हरियाणा के अंबाला निवासी 22 वर्षीय विजय कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 120 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, स्पेशल सेल को सूचना मिली थी कि एक तस्कर भारी मात्रा में चिट्टा लेकर शिमला आने वाला है। सूचना मिलते ही टीम ने शोघी क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच में बड़ी मात्रा में चिट्टा मिलने पर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी यह नशीली खेप हरियाणा से लेकर शिमला पहुंचा था। पुलिस को आशंका है कि इस खेप को तारा देवी क्षेत्र में सक्रिय कुछ संपर्कों तक पहुंचाया जाना था, लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई से पूरी सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए आरोपी के मोबाइल रिकॉर्ड, तकनीकी साक्ष्य, वित्तीय लेन-देन और अन्य राज्यों से जुड़े संभावित लिंक की भी गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक भी पहुंचने की उम्मीद है।
