कालाअंब में 100 उद्योगों को नोटिस, सिर्फ 15 ने कराया कामगारों का पुलिस सत्यापन
सुरक्षा अभियान की रफ्तार धीमी, अब पुलिस ने उद्योग संचालकों से किया सख्त सहयोग का आग्रह
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में कामगारों के पुलिस सत्यापन को लेकर उद्योगों की लापरवाही सामने आई है। करीब 100 उद्योगों को पुलिस की ओर से निर्देश दिए जाने के बावजूद केवल 15 उद्योगों ने ही अपने कर्मचारियों का सत्यापन कराया है, जिससे सुरक्षा अभियान की गति प्रभावित हो रही है।
कालाअंब पुलिस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से उद्योगों में कार्यरत कामगारों का व्यापक सत्यापन अभियान चला रही है। पुलिस विभाग ने अब तक लगभग 100 औद्योगिक इकाइयों को पत्र जारी कर अपने यहां कार्यरत सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, अब तक केवल 15 उद्योगों ने ही इस प्रक्रिया को पूरा किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सत्यापन की धीमी रफ्तार के कारण अभियान अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पा रहा है। थाना प्रभारी कालाअंब बलवंत सिंह लगातार उद्योग संचालकों से संपर्क कर उन्हें कर्मचारियों का सत्यापन प्राथमिकता के आधार पर करवाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनका कहना है कि सभी कर्मचारियों का रिकॉर्ड पुलिस के पास होने से किसी भी आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
पुलिस के अनुसार अभियान को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत सभी कामगारों का सत्यापन किया जा रहा है। इसके बाद दूसरे चरण में कालाअंब क्षेत्र में रहने वाले किरायेदारों का पुलिस सत्यापन शुरू किया जाएगा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने बताया कि कालाअंब पुलिस लगातार उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों का सत्यापन कर रही है। उन्होंने सभी उद्योग संचालकों से अपील की कि वे जल्द से जल्द अपने कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन पूरा करवाकर पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
