हिमाचल: दशकों पुराना पांवटा साहिब का बाता नदी पुल ध्वस्त, नए पुल से भेजे जा रहे वाहन
हिमाचल में बड़ा हादसा टला! पांवटा साहिब में एनएच-07 पर बना दशकों पुराना बाता नदी पुल अचानक भरभराकर ढह गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय पुल पर कोई वाहन नहीं था, जिससे बड़ा जानी नुकसान टल गया।
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब में देहरादून–पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-07) पर स्थित दशकों पुराना बाता नदी पुल सोमवार को ध्वस्त हो गया। लगातार बारिश के कारण बाता नदी उफान पर थी। दोपहर के समय पुल के एक पिलर की नींव कमजोर होकर ढह गई, जिसके बाद प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने तत्काल पुल पर वाहनों की आवाजाही रोक दी।
कुछ ही देर बाद पुल का बड़ा हिस्सा नदी में समा गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय पुल पर कोई वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद प्रशासन ने पुल के दोनों ओर ड्रम और रस्सियां लगाकर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी छोटे-बड़े वाहनों को पास में बने नए पुल से होकर निकाला जा रहा है।
प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुल ध्वस्त होने के कारण क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और लोगों से पुराने पुल के पास नहीं जाने की अपील की गई है।
