कालाअंब (सिरमौर)। मोगीनंद की कॉस्मेटिक दुकान में चोरी का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। सीसीटीवी में कैद हुई महिला ने अपनी गलती स्वीकार कर ली, जिसके बाद पंचायत की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
ग्राम पंचायत मोगीनंद में स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान में हुई चोरी के मामले का आपसी सहमति से निपटारा कर लिया गया है। आरोपी महिला और उसके परिजनों ने दुकान संचालक से अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी तथा चोरी किए गए सामान की पूरी कीमत भी अदा कर दी।
ग्राम पंचायत प्रधान निखिल पुंडीर ने बताया कि आरोपी महिला ने पंचायत की उपस्थिति में अपनी गलती स्वीकार करते हुए दुकान संचालक से माफी मांगी। साथ ही चोरी किए गए सामान की कीमत का भुगतान भी कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया।
गौरतलब है कि दो-तीन दिन पहले मोगीनंद स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान में एक महिला ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज के आधार पर महिला की पहचान होने के बाद उसके परिजनों ने पंचायत प्रधान निखिल पुंडीर की मौजूदगी में दुकान संचालक से माफी मांगते हुए मामले का आपसी समझौते से समाधान कर लिया।
