रात के अंधेरे में 119 टिन बिरोजा लेकर जा रही पिकअप को पुलिस ने रोका तो चालक के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
सिरमौर के पच्छाद में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिरमौर: पच्छाद में 119 टिन बिरोजा बरामद, वैध दस्तावेज न मिलने पर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
सराहाँ (सिरमौर)। सिरमौर जिले के पुलिस थाना पच्छाद की टीम ने गश्त के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बिरोजा से लदी एक पिकअप को पकड़ा है। वाहन से 119 टिन बिरोजा बरामद किया गया, लेकिन चालक और उसके साथ मौजूद व्यक्ति इसके परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज, लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 2 अगस्त 2026 को गश्त के दौरान कांगर घाट से आगे धरयार कैंची के पास पुलिस टीम ने पिकअप वाहन (HP71-4518) को देखा। वाहन के डाले में नीली तिरपाल के नीचे सामान संदिग्ध अवस्था में ढका हुआ था। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली।
पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान सर्वेश ठाकुर, पुत्र श्री जगमोहन सिंह, निवासी गांव बन्नो, डाकघर शाडिया, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर के रूप में बताई। वहीं वाहन में सवार दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम रोबिन, पुत्र श्री प्रेमलाल ठाकुर, निवासी गांव कथेड़, डाकघर मल्होटी, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर बताया।
वाहन की तलाशी के दौरान उसमें 119 टिन बिरोजा लोड पाया गया। पुलिस ने दोनों व्यक्तियों से बिरोजा के रात्रिकालीन परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज, लाइसेंस अथवा परमिट मांगा, लेकिन वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस थाना पच्छाद में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद बिरोजा कहां से लाया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
