चंबा के विकास को आज बड़ी रफ्तार मिली है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एक साथ 333 करोड़ रुपये से अधिक की 26 विकास परियोजनाओं की सौगात देकर जिले के लिए कई अहम घोषणाएं की हैं।
चंबा। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को चंबा विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई दिशा देते हुए 333.25 करोड़ रुपये की लागत वाली 26 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में स्वास्थ्य, सड़क, पुल, पार्किंग और ग्रामीण संपर्क मार्गों से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना और आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाना है।
सबसे बड़ी परियोजनाओं में 158 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, चंबा के 200 बिस्तरों वाले नए अस्पताल भवन का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अस्पताल के शुरू होने से चंबा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी तथा गंभीर मरीजों को उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने शाहपुर-सिहुंता-चुवाड़ी-चंबा सड़क, परेल-कोहलड़ी सड़क, परेल मार्ग-चंबा-बनीखेत सड़क, लुड्डू-घरमाड़ी सड़क, सराहन-रान सड़क तथा भनेरा-देवीदेहरा-रठियार-मनकोट सड़क सहित कई सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया। वहीं रावी नदी पर करियां-भरियां-कोठी सड़क पर बने बॉक्स गर्डर पुल को भी जनता को समर्पित किया गया, जिससे क्षेत्र में आवागमन और अधिक सुगम होगा।
मुख्यमंत्री ने भगत में 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बहुमंजिला वाहन पार्किंग (प्रथम चरण) का शिलान्यास भी किया। इसके अलावा द्रबला, सनोथा, साच-फतेहपुर, नाणु, द्रडा सेरू, घरग्राम, घतरेड़, छांजून, रुंडेगा, बसोधन और मानकोट सहित कई गांवों के संपर्क मार्गों के निर्माण की आधारशिला रखी गई। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ लोगों को आवाजाही में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने सरोल स्थित कुष्ठ अस्पताल परिसर में जिला औषधि भंडार एवं टीकाकरण भंडार की आधारशिला भी रखी। यह परियोजना दवाओं और टीकों की उपलब्धता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और हर क्षेत्र तक आधुनिक सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन 26 विकास परियोजनाओं के पूरा होने से चंबा जिले के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
