सिरमौर में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा!
एक ही दिन जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चार युवकों को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार कर पुलिस ने तस्करों की कमर तोड़ने की बड़ी कार्रवाई की है।
Sirmaur News: एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई, रेणुकाजी और राजगढ़ में 4 आरोपी गिरफ्तार, 4.84 ग्राम चिट्टा बरामद
ददाहू/राजगढ़ (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक ही दिन में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 4.84 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
रेणुकाजी में मोटरसाइकिल छोड़कर भागे आरोपी, 3.15 ग्राम चिट्टा बरामद
पुलिस थाना रेणुकाजी की टीम ने 31 जुलाई 2026 को गश्त के दौरान नवदुर्गा आईटीआई, बड़ौन के समीप एक संदिग्ध मोटरसाइकिल (HP71A-6785) को जांच के लिए रोका। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवक वाहन छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत पकड़ लिया।
पूछताछ में उनकी पहचान विभोर शर्मा निवासी बड़ौन तथा अजय तोमर निवासी कोटी धीमान, तहसील ददाहू, जिला सिरमौर के रूप में हुई। मोटरसाइकिल की तलाशी लेने पर पुलिस ने उनके कब्जे से 3.15 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना रेणुकाजी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।
राजगढ़ में पुलिस वाहन देखते ही भागे युवक, 1.69 ग्राम चिट्टा मिला
इसी दिन पुलिस थाना राजगढ़ की टीम ने गश्त के दौरान कटोली के समीप दो युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में देखा। पुलिस वाहन को देखते ही दोनों युवक अपना मोबाइल फोन और एक सिरिंज सड़क किनारे पैराफिट पर छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने करीब 20 मीटर तक पीछा कर दोनों को दबोच लिया।
दोनों की पहचान सचिन (26) निवासी गांव कनेच, तहसील राजगढ़ तथा आदर्श चौहान (25) निवासी गांव पनयाली, तहसील ददाहू, जिला सिरमौर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 1.69 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
नशा तस्करी के खिलाफ अभियान जारी
सिरमौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं नशा तस्करी या मादक पदार्थों की बिक्री संबंधी कोई सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
