कालाअंब के उद्योगपतियों की आवाज अब सीधे राजभवन और प्रदेश सरकार तक पहुंच गई है।
राज्यपाल ने क्षेत्र के दौरे का भरोसा दिया, जबकि उद्योग मंत्री ने वर्षों से जर्जर पड़ी प्रमुख सड़कों के निर्माण का आश्वासन देकर उद्योग जगत की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
राज्यपाल और उद्योग मंत्री तक पहुंचीं कालाअंब के उद्योगपतियों की समस्याएं, सड़क निर्माण और विकास कार्यों का मिला भरोसा
शिमला/नाहन। कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं को लेकर लघु उद्योग भारती कालाअंब इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने शिमला में प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता और उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान से अलग-अलग मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व इकाई के अध्यक्ष एवं युवा उद्योगपति अखिल महेश्वरी ने किया। दोनों मुलाकातों में औद्योगिक क्षेत्र के विकास, आधारभूत सुविधाओं और सड़कों की बदहाल स्थिति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए, जिन पर सकारात्मक आश्वासन मिला।
सबसे पहले प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त होने पर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र के समग्र विकास, उद्योगों के सामने आ रही चुनौतियों और बुनियादी सुविधाओं की कमी पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र का दौरा करने का निमंत्रण भी दिया, ताकि वे उद्योगों की वास्तविक परिस्थितियों का स्वयं निरीक्षण कर सकें। राज्यपाल ने इस निमंत्रण को स्वीकार करते हुए जल्द कालाअंब आने और उद्योगों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
मुलाकात के बाद युवा उद्योगपति अखिल महेश्वरी ने कहा कि राज्यपाल ने उद्योग जगत की बातों को गंभीरता और आत्मीयता से सुना। उन्होंने कहा कि इस सकारात्मक संवाद से क्षेत्र के उद्योगपतियों में नई उम्मीद जगी है।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान से मुलाकात कर कालाअंब–त्रिलोकपुर रोड और ईएसआई अस्पताल रोड की जर्जर हालत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इन सड़कों की खराब स्थिति के कारण उद्योगों, कर्मचारियों, स्थानीय लोगों और प्रतिदिन आने-जाने वाले हजारों वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे उद्योगों की लॉजिस्टिक्स व्यवस्था और क्षेत्र के आर्थिक विकास पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि कालाअंब–त्रिलोकपुर रोड के निर्माण एवं सुधार कार्य को जल्द शुरू कराया जाएगा। साथ ही ईएसआई अस्पताल रोड का निर्माण भी प्राथमिकता के आधार पर करवाने का भरोसा दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन दोनों महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण और सुधार से उद्योगों की परिवहन व्यवस्था बेहतर होगी, कर्मचारियों की आवाजाही सुगम बनेगी, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और आम जनता को भी बड़ी राहत मिलेगी।
अंत में प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सरकार के सहयोग से इन महत्वपूर्ण विकास कार्यों की शुरुआत शीघ्र होगी और कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
