कालाअंब में बिना सत्यापन किरायेदार रखना पड़ सकता है भारी, हरियाणा पुलिस ने शुरू किया विशेष अभियान
सीमा क्षेत्र कालाअंब में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए हरियाणा पुलिस ने किरायेदारों के व्यापक सत्यापन अभियान की शुरुआत कर दी है। पुलिस ने मकान मालिकों को स्पष्ट किया है कि किरायेदारों का सत्यापन कराना अब उनकी भी जिम्मेदारी है।
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के हरियाणा सीमा क्षेत्र में रह रहे किरायेदारों के सत्यापन के लिए हरियाणा पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत क्षेत्र के सभी मकान मालिकों को किरायेदार सत्यापन फॉर्म वितरित किए जा रहे हैं। फॉर्म के साथ किरायेदार का व्यक्तिगत विवरण, आधार कार्ड की प्रति और एक पासपोर्ट आकार का फोटो जमा कराना अनिवार्य किया गया है।
पुलिस चौकी कालाअंब के प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि हरियाणा क्षेत्र की सभी रिहायशी कॉलोनियों में रहने वाले प्रवासी किरायेदारों का सत्यापन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सत्यापन प्रक्रिया के दौरान केवल किरायेदार ही नहीं, बल्कि मकान मालिक का पूरा विवरण भी देना आवश्यक होगा।
उन्होंने बताया कि शिवालिक कॉलोनी सहित कई इलाकों में ऐसे मकान मालिक हैं, जो स्वयं दूसरे शहरों में रहते हैं और अपने मकान या पीजी किराये पर दे रखे हैं। ऐसे लोगों से संपर्क स्थापित करने में पुलिस को कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
राजीव कुमार ने सभी मकान मालिकों से अपील की है कि वे पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करें और अपने किरायेदारों का सत्यापन जल्द से जल्द पूरा कराएं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
गौरतलब है कि कालाअंब (हरियाणा) क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे श्रमिक और कर्मचारी किराये पर रहते हैं, जो हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत हैं। दो राज्यों की सीमा पर स्थित होने के कारण यह क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में हरियाणा और हिमाचल प्रदेश पुलिस के बीच बेहतर समन्वय के साथ सत्यापन अभियान को कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
