सिरमौर में कांवड़ यात्रा को लेकर हाई अलर्ट, 30 जुलाई से सुरक्षा के कड़े इंतजाम
NH-07 पर बढ़ेगी पुलिस की निगरानी, श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील
नाहन (सिरमौर)। 30 जुलाई 2026 से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा एवं मेले को लेकर जिला सिरमौर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। यात्रा के दौरान हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जिला सिरमौर के रास्ते हरिद्वार जाएंगे। इसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
पुलिस के अनुसार गोबिंदघाट, बहराल बैरियर, साहिबजादा बाबा अजीत सिंह चौक (भूपपुर), नए यमुना पुल तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इसके अलावा दिन-रात गश्त, बैरियरों पर नियमित जांच और यातायात की लगातार निगरानी की जाएगी। यात्रा के दौरान उत्तराखंड पुलिस के साथ भी आवश्यक समन्वय बनाए रखा जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला पुलिस ने लंगर एवं विश्राम शिविर संचालकों से अनुरोध किया है कि शिविर और लंगर सड़क से सुरक्षित दूरी पर तथा सड़क की बाईं ओर ही स्थापित किए जाएं, जिससे यातायात प्रभावित न हो।
इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर स्थित मीट विक्रेताओं से भी अपील की गई है कि कांवड़ यात्रा की अवधि के दौरान दुकान के बाहर मीट प्रदर्शित न करें, ताकि धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, पैदल यात्रा के दौरान सड़क की बाईं ओर चलें, किसी भी अफवाह या विवाद से दूर रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की जानकारी तुरंत निकटतम पुलिस थाना या जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष 01702-222223 पर दें।
जिला पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने कहा है कि सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित, शांतिपूर्ण और मंगलमय कांवड़ यात्रा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
