सिरमौर में नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन! 20.0 दुकानों पर छापे, 65 चालान, ₹51,100 जुर्माना वसूला
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश में चिट्टा और तंबाकू से जुड़े अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए सिरमौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलेभर में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान 200 दुकानों की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 65 चालान काटकर ₹51,100 का जुर्माना वसूला गया।
राज्य सीआईडी और एसटीएफ हिमाचल प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में जिला सिरमौर पुलिस ने 25 जुलाई 2026 को राज्यव्यापी एंटी-चिट्टा अभियान – एक्शन प्लान फेज-II के तहत विशेष जांच अभियान चलाया। इस अभियान में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के सहयोग से फ्लाइंग स्क्वायड गठित किए गए, जिनके साथ प्रत्येक टीम में दो-दो पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई।
अभियान में क्या-क्या मिला?
विशेष जांच के दौरान जिलेभर में 200 दुकानदारों और विक्रेताओं की जांच की गई।
जांच के दौरान सिगरेट एवं बीड़ी (हिमाचल प्रदेश) अधिनियम, 2016 के तहत खुले में सिगरेट बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ 6 चालान किए गए और उनसे ₹30,000 का जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा कोटपा अधिनियम, 2003 के तहत तंबाकू उत्पादों की बिक्री से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर 59 चालान काटे गए, जिनमें ₹21,100 का जुर्माना वसूला गया।
इस प्रकार स्वास्थ्य विभाग और सिरमौर पुलिस ने संयुक्त रूप से कुल 65 चालान करते हुए ₹51,100 का जुर्माना वसूला।
नशा विरोधी अभियान रहेगा जारी
सिरमौर पुलिस ने बताया कि यह विशेष अभियान तंबाकू उत्पादों की बिक्री में नियमों के पालन को सुनिश्चित करने और जिले में चल रहे नशा विरोधी अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चलाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
