सिरमौर पुलिस की बड़ी कामयाबी: 4 क्विंटल गांजा तस्करी का फरार आरोपी 3 साल बाद गिरफ्तार
माननीय न्यायालय ने 2023 में घोषित किया था उद्घोषित अपराधी, देहरादून-पांवटा मार्ग पर दबोचा गया आरोपी
नाहन/पांवटा साहिब: जिला सिरमौर पुलिस की पीओ (Proclaimed Offender) सेल टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। करीब तीन वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा आरोपी आखिरकार उत्तराखंड के धर्मावाला चौक के पास पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अभियोग संख्या 62/21, दिनांक 31 मई 2021, पुलिस थाना पुरुवाला में दर्ज मामले में आरोपी युसुफ अली, निवासी उपरली भंगाणी, तहसील पांवटा साहिब, के कब्जे से लगभग 4 क्विंटल गांजा बरामद किया गया था। मामले के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
लगातार गैरहाजिर रहने के कारण माननीय न्यायालय पांवटा साहिब ने 11 मई 2023 को युसुफ अली को उद्घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) घोषित कर दिया था।
पुलिस ने बताया कि 26 जुलाई 2026 को पीओ सेल नाहन की विशेष टीम, जिसमें मुख्य आरक्षी विनय, आरक्षी मोहित सेनी तथा आरक्षी जगपाल शामिल थे, ने एसटीएफ देहरादून में तैनात दीपक चंदोला के सहयोग से गुप्त सूचना के आधार पर उत्तराखंड के धर्मावाला चौक के पास नाकाबंदी की।
सूचना थी कि आरोपी सफेद XUV-300 (UK07DN7796) में सवार होकर देहरादून से पांवटा साहिब की ओर आ रहा है। पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की तो चालक की पहचान युसुफ अली के रूप में हुई। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना पुरुवाला में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मामले में आगामी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
