कालाअंब में टेलीकॉम टावर पर खूनी झड़प: केबल चोरी पर पूछताछ करना पड़ा भारी, दो तकनीशियनों पर तेजधार हथियार से हमला
कालाअंब: सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में एक टेलीकॉम टावर पर केबल चोरी को लेकर पूछताछ करना दो तकनीशियनों को महंगा पड़ गया। आरोप है कि पूछताछ से नाराज दो लोगों ने तेजधार हथियार से हमला कर दोनों को घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को पुलिस थाना कालाअंब में सुरेश कुमार, निवासी गांव कोरग, तहसील संगड़ाह, ने शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि वह एरियल टेलीकॉम सॉल्यूशन कंपनी में तकनीशियन के पद पर कार्यरत हैं।
शिकायत के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को कंपनी के निर्देश पर वह अपने साथी अनिल के साथ कालाअंब स्थित एक मोबाइल टेलीकॉम टावर पर तकनीकी खराबी दूर करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें टावर से बैटरी केबल और अर्थिंग केबल चोरी होने की जानकारी मिली। इस संबंध में जब उन्होंने सुमेश कुमार और मुकेश कुमार से पूछताछ की तो दोनों कथित रूप से भड़क गए।
आरोप है कि दोनों ने तेजधार हथियार से सुरेश कुमार पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए उनके साथी अनिल को भी आरोपियों ने घायल कर दिया। घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नाहन ले जाया गया। मेडिकल परीक्षण में दोनों के शरीर पर तेजधार हथियार से लगी चोटों की पुष्टि हुई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना कालाअंब में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है।
एसपी सिरमौर एन.एस. नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
