चंबा में गूंजा अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का उल्लास, राज्यपाल ने किया शुभारंभ; युवाओं को दिया नशामुक्त हिमाचल का संदेश
हिमाचल की सांस्कृतिक पहचान का सबसे बड़ा उत्सव रविवार को पूरे पारंपरिक वैभव के साथ शुरू हो गया।
चंबा के ऐतिहासिक चौगान मैदान से राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का शुभारंभ करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया।
चंबा: ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने विधिवत मिंजर ध्वजारोहण कर मेले का उद्घाटन किया और प्रदेशवासियों, विशेष रूप से चंबा जिला के लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मिंजर मेला केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और सामाजिक सौहार्द का जीवंत प्रतीक है।
चंबा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि ऐसे पारंपरिक मेले हमारी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने के साथ-साथ सामाजिक समरसता, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को भी मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करने तथा अपनी जड़ों से जुड़े रहने की अपील की।
राज्यपाल ने प्रदेश में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को नशा उन्मूलन अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही युवा पीढ़ी को इस सामाजिक बुराई से बचाया जा सकता है और नशामुक्त हिमाचल का सपना साकार होगा। इस दिशा में चंबा जिला पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी उन्होंने सराहना की।
उन्होंने चंबा की विश्वप्रसिद्ध पारंपरिक कलाओं एवं शिल्पों—चंबा रूमाल, चंबा चप्पल और चंबा थाल—का विशेष उल्लेख करते हुए स्थानीय शिल्पकारों और कलाकारों की प्रशंसा की तथा इन परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राज्यपाल ने चौगान मैदान में स्थापित कारगिल शहीद आशीष थापा, खेमराज और ओम प्रकाश को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उपस्थित लोगों को राष्ट्र की रक्षा और शहीदों के आदर्शों के प्रति समर्पित रहने की शपथ भी दिलाई। इस दौरान सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया।
उद्घाटन समारोह में अजीत भट्ट एंड पार्टी ने पारंपरिक कुंजड़ी मल्हार की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। उल्लेखनीय है कि यह दल पिछले 32 वर्षों से इस सांस्कृतिक परंपरा का संरक्षण कर रहा है।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैयर, विधायक डी.एस. ठाकुर, एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं एचआरटीसी निदेशक मंडल के सदस्य सुरजीत भरमौरी, नगर परिषद चंबा की अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी, जिला परिषद के उपाध्यक्ष लियाकत अली, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव यशवंत खन्ना, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
