सिरमौर में अवैध शराब पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, राजगढ़ में 36 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त; नाहन में होटल की आड़ में परोसी जा रही थी शराब
नाहन: सिरमौर पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार और बिना लाइसेंस शराब परोसने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में दो अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। राजगढ़ में कार से 36 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जबकि नाहन में होटल की आड़ में ग्राहकों को अवैध रूप से शराब परोसते हुए होटल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार पहला मामला थाना राजगढ़ क्षेत्र का है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने यशवंतनगर बाजार में अशोक ढाबा के समीप राजगढ़-सोलन मुख्य सड़क पर गिरिपुल की ओर से आ रही एक अल्टो कार को जांच के लिए रोका। कार चालक ने अपनी पहचान ओमप्रकाश निवासी नौहराधार, जिला सिरमौर के रूप में बताई।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 750 एमएल की 36 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वहीं, दूसरे मामले में थाना नाहन पुलिस की टीम गश्त के दौरान नया बाजार स्थित एक होटल/टी-स्टॉल पर पहुंची। यहां से शोर-शराबे की आवाजें आने पर पुलिस ने जांच की तो होटल के भीतर दो युवक शराब पीते हुए मिले।
पुलिस ने होटल संचालक नवीन कुमार निवासी नया बाजार, नाहन से ग्राहकों को शराब परोसने संबंधी वैध लाइसेंस या परमिट मांगा, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि होटल/टी-स्टॉल की आड़ में अवैध रूप से शराब परोसी जा रही थी।
पुलिस ने होटल संचालक के खिलाफ भी हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
एसपी सिरमौर एन.एस. नेगी ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
