सिरमौर: फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर को जहरीले सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत
कालाअंब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के मोगीनंद स्थित एक उद्योग में कार्यरत मजदूर की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। मजदूर ने उपचार के दौरान अंबाला के अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार घटना मोगीनंद स्थित वुड स्टॉक लैमिनेट्स लिमिटेड उद्योग में शनिवार दोपहर बाद हुई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय बबलू पुत्र ब्रिज लाल, निवासी गांव भटपुरा जागीर, डाकघर राठौरा, तहसील एवं जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
बताया गया कि बबलू फैक्ट्री में अपने कार्य में व्यस्त था, तभी उसे जहरीले सांप ने काट लिया। इसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। सहकर्मियों ने उसे तत्काल उपचार के लिए हरियाणा के नारायणगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे अंबाला रेफर कर दिया। अंबाला में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि बबलू पिछले लगभग दस वर्षों से उक्त उद्योग में कार्यरत था।
बबलू अपने पीछे पत्नी, आठ वर्ष और दो वर्ष की दो बेटियां तथा एक बेटा छोड़ गया है। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
उधर, पुलिस थाना कालाअंब ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने सांप के काटने से मजदूर की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
