कुल्लू में सनसनी: ड्यूटी से घर लौट रहे JE की संदिग्ध हालात में मौत, सड़क किनारे गंभीर घायल मिले, हत्या की आशंका
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जलशक्ति विभाग में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता (JE) लाभ सिंह गुलेरिया ड्यूटी के बाद घर तो नहीं पहुंच पाए, लेकिन कुछ देर बाद कार्यालय के पास सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल मिले। इलाज के दौरान एम्स बिलासपुर में उनकी मौत हो गई, जिसके बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
पुलिस को आशंका है कि लाभ सिंह पर किसी ने हमला किया था। वहीं, परिजनों ने अज्ञात लोगों पर बेरहमी से मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार लाभ सिंह गुलेरिया 24 जुलाई को रोजाना की तरह ड्यूटी पर गए थे। उनकी पत्नी कांता देवी ने बताया कि देर रात करीब 11 बजे पति का फोन आया था। उन्होंने कहा कि पिरड़ी पुल के पास एक दुर्घटना हुई है और वह घर लौट रहे हैं। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया और काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान रोटरी आई अस्पताल, गांधीनगर के पास उनकी स्कूटी सुरक्षित खड़ी मिली। इसके बाद कार्यालय से करीब 50 मीटर दूर सड़क किनारे एक सब्जी के खोखे के पास लाभ सिंह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। उन्हें पहले क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया। रविवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक की पत्नी कांता देवी का आरोप है कि कार्यालय से घर लौटते समय अज्ञात लोगों ने उनके पति का रास्ता रोककर बेरहमी से पिटाई की, जिसके कारण उनकी मौत हुई। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उधर, पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
