Home शिक्षा Breaking: सिरमौर के इस स्कूल का नासा मिशन में चयन, छात्रों को मिलेगा अंतरिक्ष अनुसंधान का मौका! पढ़ें पूरी खबर

Breaking: सिरमौर के इस स्कूल का नासा मिशन में चयन, छात्रों को मिलेगा अंतरिक्ष अनुसंधान का मौका! पढ़ें पूरी खबर

by Dainik Janvarta
0 comment

मोगीनंद स्कूल ने रचा इतिहास: नासा के स्पेस मिशन के लिए चयनित हुआ स्कूल, छात्र करेंगे अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़ा अध्ययन

नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले के लिए गर्व की बात है कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोगीनंद को प्रतिष्ठित नासा इंटरनेशनल एस्ट्रोनॉमिकल सर्च कोलैबोरेशन (IASC) स्पेस मिशन के लिए चयनित किया गया है। इस मिशन में विद्यालय के विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान और खगोलीय अनुसंधान से सीधे जुड़ने का दुर्लभ अवसर मिलेगा। यह चयन न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश के लिए सम्मान का विषय है।

विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. शिभा खन्ना ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों की प्रतिभा, शिक्षकों की मेहनत और विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस मिशन से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित होगी और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम करने का अनुभव मिलेगा। इससे विज्ञान एवं अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नई प्रेरणा भी मिलेगी।

इस अभियान के तहत चयनित विद्यार्थी नासा द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले वास्तविक खगोलीय डेटा का विश्लेषण करेंगे। उन्हें क्षुद्रग्रहों (Asteroids) की पहचान, अध्ययन और संभावित नई खोजों में योगदान देने का अवसर मिलेगा। यदि किसी नए क्षुद्रग्रह की पहचान होती है तो विद्यार्थी उसकी वैज्ञानिक पुष्टि की प्रक्रिया का भी हिस्सा बन सकेंगे।

अगस्त 2026 में होगा मिशन का आयोजन

समग्र शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी सूची के अनुसार यह मिशन अगस्त 2026 में आयोजित किया जाएगा। चयनित विद्यालयों के विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान की प्रक्रिया से जोड़ते हुए उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान क्षमता और STEM (Science, Technology, Engineering and Mathematics) के प्रति रुचि विकसित करना है।

प्रदेश के इन 11 सरकारी स्कूलों का हुआ चयन

समग्र शिक्षा निदेशालय ने इस मिशन के लिए हिमाचल प्रदेश के 11 सरकारी विद्यालयों का चयन किया है। इनमें सिरमौर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोगीनंद के अलावा चंबा जिले से राजकीय माध्यमिक पाठशाला जेठा, राजकीय पीएमश्री वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चुवाड़ी और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बैरागढ़, बिलासपुर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बैहना, कांगड़ा से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नगरोटा, कुल्लू से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कपाड़ी, मंडी से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पलोट, हमीरपुर से राजकीय उच्च पाठशाला लोअर चबूतरा तथा शिमला जिले से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बमटा और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रोहड़ू शामिल हैं।

इस मिशन में चयनित सभी विद्यालयों का पंजीकरण शुल्क निजी कंपनी द्वारा वहन किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने संबंधित जिलों और विद्यालयों को विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश जारी किए हैं। यह पहल प्रदेश के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को वैश्विक वैज्ञानिक मंच से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.