कालाअंब: स्कूल जा रही 9वीं की छात्रा पर लावारिस बैल ने किया हमला, टांग में लगी चोट, लोगों ने बचाई जान
कालाअंब (सिरमौर)। स्कूल जा रही एक 9वीं कक्षा की छात्रा पर अचानक एक लावारिस बैल ने हमला कर दिया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और अभिभावकों ने स्कूल मार्ग पर घूम रहे ऐसे पशुओं को लेकर चिंता जताई है।
मामला विकास खंड नाहन की ग्राम पंचायत मोगीनंद का है। शनिवार सुबह मोगीनंद स्कूल की नौवीं कक्षा की छात्रा मन्नत ठाकुर, पुत्री भरत ठाकुर, रोज़ की तरह स्कूल जा रही थी। स्कूल से कुछ ही दूरी पर पहुंचने पर सड़क पर घूम रहे एक लावारिस बैल ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमले में छात्रा की टांग में चोट लग गई और वह सड़क पर गिर गई।
घटना के दौरान आसपास मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बैल को वहां से हटाया और छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद मोगीनंद स्कूल प्रशासन की मदद से घायल छात्रा को स्कूल के समीप स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोगीनंद पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। उपचार के बाद छात्रा की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायल छात्रा के पिता भरत ठाकुर ने बताया कि मोगीनंद क्षेत्र में सड़क पर घूम रहे लावारिस पशुओं, विशेषकर बैलों के कारण स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा पर लगातार खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से मांग की कि ऐसे लावारिस पशुओं को गौशालाओं या अन्य सुरक्षित आश्रय स्थलों में रखने की प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें।
ग्राम पंचायत मोगीनंद के प्रधान निखिल पुंडीर ने बताया कि त्रिलोकपुर में गौशाला निर्माण किया जा रहा है, जहां इन पशुओं को भेजने की व्यवस्था की जाएगी।
