कालाअंब की सब्जी मंडी में पुलिस की अचानक कार्रवाई से हड़कंप मच गया। 10 रुपये के बदले 90 रुपये जीतने का लालच देकर कथित तौर पर दड़ा-सट्टा चलाने वाले युवक को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया।
कालाअंब में दड़ा-सट्टा खेलवाने के आरोप में युवक गिरफ्तार, नकदी और पर्चियां बरामद
कालाअंब (सिरमौर)। पुलिस थाना कालाअंब की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कथित रूप से दड़ा-सट्टा खेलवाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दड़ा-सट्टा से संबंधित पर्चियां और नकदी बरामद कर जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना कालाअंब की टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि सब्जी मंडी क्षेत्र में एक व्यक्ति लोगों को कम रकम लगाकर अधिक धनराशि जीतने का लालच देकर कथित रूप से दड़ा-सट्टा खिलवा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान अमरेन्द्र कुमार (23 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर-1, गांव पकारी, डाकघर बसंतपुर, थाना रिगा, जिला सीतामढ़ी (बिहार) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से दड़ा-सट्टा की पर्चियां तथा 1,130 रुपये नकद बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी इस कथित गतिविधि में कब से शामिल था तथा उसके साथ अन्य लोग भी जुड़े हुए हैं या नहीं।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एन.एस. नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
