HPRCA Recruitment 2026: हिमाचल में 312 असिस्टेंट स्टाफ नर्स पदों पर भर्ती, 30 जुलाई से शुरू होंगे आवेदन
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी।
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने 312 असिस्टेंट स्टाफ नर्स पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) ने प्रदेश की महिला अभ्यर्थियों के लिए असिस्टेंट स्टाफ नर्स के 312 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 30 जुलाई 2026 को सुबह 10:00 बजे से शुरू होंगे और 29 अगस्त 2026 की रात 11:59 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। भर्ती से संबंधित विस्तृत अधिसूचना आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
श्रेणीवार पदों का विवरण
कुल 312 रिक्त पदों में सामान्य वर्ग के 112, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के 40, सामान्य वर्ग (WFF) के 4, ओबीसी (यूआर) के 50, ओबीसी (बीपीएल) के 12, ओबीसी (WFF) के 2, अनुसूचित जाति (यूआर) के 62, अनुसूचित जाति (बीपीएल) के 12, अनुसूचित जाति (WFF) के 2, अनुसूचित जनजाति (यूआर) के 12 तथा अनुसूचित जनजाति (बीपीएल) के 4 पद शामिल हैं।
आयोग ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और अंतिम तिथि के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
हमीरपुर में आंगनबाड़ी के 9 पदों पर भी भर्ती
वहीं, हमीरपुर जिले में बाल विकास परियोजना के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के कुल 9 पदों के लिए भी आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक एवं पात्र महिलाएं 3 अगस्त 2026 तक बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय, हमीरपुर में आवेदन जमा कर सकती हैं।
सीडीपीओ सुनीता शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत बस्सी झनियारा के मुहान आंगनबाड़ी केंद्र तथा नगर निगम क्षेत्र के एमसीडब्ल्यू-7ए केंद्र में कार्यकर्ता के एक-एक पद भरे जाएंगे। इसके अलावा एमसीडब्ल्यू-7ए, एमसीडब्ल्यू-11ए, एमसीडब्ल्यू-11सी, जंगल, हार-2 डकोहल और छबोट घिरथां केंद्रों में सहायिका के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
आवेदन के लिए जरूरी पात्रता
आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। महिला संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के कार्यक्षेत्र की स्थायी निवासी हो तथा उसका नाम संबंधित परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी का कम से कम 12वीं पास होना आवश्यक है और परिवार की वार्षिक आय सभी स्रोतों से 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
7 अगस्त को होंगे साक्षात्कार
इन पदों के लिए साक्षात्कार 7 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे एसडीएम कार्यालय, हमीरपुर में आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए अलग से कोई साक्षात्कार पत्र जारी नहीं किया जाएगा, इसलिए पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।
