कालाअंब में फिर उठी सुरक्षा और सड़कों की बदहाली की आवाज, उद्योगपतियों ने DC को सौंपे दो अहम ज्ञापन

नाहन, 23 जुलाई। प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में शुमार कालाअंब में हाल ही में हुई भीषण आग की घटना और लगातार जर्जर होती सड़कों को लेकर उद्योग जगत की चिंता अब प्रशासन के दरवाजे तक पहुंच गई है। लघु उद्योग भारती, कालाअंब इकाई ने वीरवार को अध्यक्ष अखिल महेश्वरी के नेतृत्व में जिला उपायुक्त प्रियंका वर्मा से मुलाकात कर दो महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपे। इनमें आधुनिक अग्निशमन सुविधाओं की स्थापना और औद्योगिक क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों की तत्काल मरम्मत की मांग प्रमुख रही।
भीषण अग्निकांड से निपटने के लिए संसाधनों की कमी दूर करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में हाल ही में कालाअंब में हुए भीषण अग्निकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि इस हादसे में एक उद्योग पूरी तरह नष्ट हो गया। इस घटना ने स्पष्ट कर दिया कि तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र में मौजूदा अग्निशमन संसाधन बड़े हादसों से निपटने के लिए पर्याप्त नहीं हैं।
संगठन ने मांग की कि कालाअंब में हाइड्रोलिक लैडर, हाई-कैपेसिटी फायर टेंडर, हाई-वॉल्यूम पंप सहित आधुनिक अग्निशमन उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में नुकसान को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
पड़ोसी राज्यों के साथ संयुक्त आपदा तंत्र बनाने की मांग
लघु उद्योग भारती ने सुझाव दिया कि जिला सिरमौर के साथ-साथ चंडीगढ़, अंबाला और यमुनानगर के अग्निशमन विभागों के बीच म्यूचुअल एड मैकेनिज्म विकसित किया जाए। संगठन का कहना है कि संयुक्त समन्वय व्यवस्था बनने से बड़े औद्योगिक हादसों के दौरान आधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ टीमों की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
बारिश से खस्ताहाल सड़कों का मुद्दा
दूसरे ज्ञापन में संगठन ने कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र की जर्जर सड़कों और जलभराव की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि लगातार बारिश के बाद कई प्रमुख मार्ग दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।
टोका साहिब गुरुद्वारा मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे और सड़क के किनारे बहता नाला राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। वहीं ईएसआईसी अस्पताल झिरीवाला तथा आसपास के गांवों और कई औद्योगिक इकाइयों को जोड़ने वाले मार्ग पर जलभराव के कारण कर्मचारियों, मरीजों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा सिग्नोरावेयर, एलनोवा फार्मा, वेस्टिन पैकर्स और के.के. बयानी एंड संस की ओर जाने वाले मार्ग पर खुली नालियों की सुरक्षा दीवारें कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिससे विशेषकर रात और बारिश के दौरान हादसों का खतरा बढ़ गया है।
जल्द कार्रवाई की मांग
संगठन ने जिला प्रशासन से इन सभी मार्गों का शीघ्र निरीक्षण करवाकर सड़क मरम्मत, पुनर्निर्माण, बेहतर जल निकासी व्यवस्था और क्षतिग्रस्त नालियों व सुरक्षा दीवारों की तत्काल मरम्मत करवाने का आग्रह किया।
DC ने दिया कार्रवाई का भरोसा
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि दोनों ज्ञापनों में उठाए गए मुद्दों पर संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान लघु उद्योग भारती के पदाधिकारी और क्षेत्र के कई उद्योगपति भी उपस्थित रहे।
