अग्निवीर भर्ती: धर्मशाला में 1 अगस्त से होगा ग्राउंड टेस्ट, कांगड़ा-चंबा के अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी
अगर आपने अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन किया है तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है।
ग्राउंड टेस्ट की तारीख तय हो चुकी है और एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए गए हैं। एक छोटी सी लापरवाही आपकी भर्ती प्रक्रिया प्रभावित कर सकती है।
धर्मशाला/पालमपुर। भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के तहत कांगड़ा और चंबा जिलों के अभ्यर्थियों के लिए ग्राउंड टेस्ट की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर ने अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल तथा ट्रेडमैन (10वीं और 8वीं पास) श्रेणियों के उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं।
सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर के कर्नल विशाल शाह ने बताया कि सभी अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। यदि किसी उम्मीदवार को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में कोई समस्या आती है तो वह 88940-88311 नंबर पर सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर से संपर्क कर सकता है।
उन्होंने बताया कि 1 अगस्त से धर्मशाला स्थित सिंथेटिक ट्रैक पर ग्राउंड टेस्ट आयोजित किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड में अंकित तिथि और समय के अनुसार ही ग्राउंड टेस्ट के लिए पहुंचना होगा। साथ ही सभी आवश्यक मूल दस्तावेज अपने साथ लाना अनिवार्य होगा।
कर्नल विशाल शाह ने यह भी जानकारी दी कि अग्निवीर क्लर्क, क्लर्क एवं जीडी, क्लर्क एवं तकनीकी तथा क्लर्क एवं ट्रेडमैन (10वीं पास) श्रेणी के कांगड़ा और चंबा जिले के अभ्यर्थियों का ग्राउंड टेस्ट 2 और 3 अक्तूबर को हमीरपुर के अणु सिंथेटिक ट्रैक में आयोजित किया जाएगा।
सेना भर्ती कार्यालय ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले अपनी तैयारियां पूरी कर लें, एडमिट कार्ड और आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर लें तथा निर्धारित समय पर ही परीक्षा स्थल पर पहुंचें, ताकि भर्ती प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
