कालाअंब: त्रिलोकपुर रोड पर बेतरतीब ट्रालों का कब्जा, हर दिन हादसे का बढ़ रहा खतरा
कालाअंब (सिरमौर)। अगर आप कालाअंब से त्रिलोकपुर की ओर सफर कर रहे हैं तो सावधान हो जाइए। सड़क के दोनों ओर खड़े भारी ट्राले और कंटेनर इस मार्ग को हादसों का ‘हॉटस्पॉट’ बना रहे हैं, जिससे हर दिन हजारों लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में जोहड़ों से लेकर एचएम स्टील उद्योग, खैरी तक त्रिलोकपुर मार्ग पर अवैध और गलत दिशा में खड़े भारी वाहनों ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पहले से ही सिंगल लेन है, लेकिन दोनों ओर ट्रालों और कंटेनरों की लंबी कतारें लगने से इसकी चौड़ाई और कम हो गई है। ऐसे में आमने-सामने आने वाले दो वाहन भी आसानी से नहीं निकल पाते।
इस मार्ग से प्रतिदिन औद्योगिक क्षेत्र में आने-जाने वाले हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। लगातार बढ़ते यातायात के बीच सड़क किनारे खड़े भारी वाहन जाम और दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी पैदल चलने वाले लोगों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें भारी वाहनों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है।
स्थानीय लोगों सीताराम, आकाश, धर्मेंद्र, गीता रानी, लवली, दिनेश, मोहन लाल, चंपा देवी, सुनीता, हेतराम, ललित कुमार, देवेंद्र और अश्वनी ने बताया कि जोहड़ों से खैरी तक सड़क के दोनों ओर बड़े ट्राले लंबे समय तक खड़े रहते हैं। कई वाहन विपरीत दिशा में भी पार्क किए जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।
लोगों का कहना है कि सड़क पर अवैध पार्किंग के कारण कई बार वाहन चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है और जाम की स्थिति बन जाती है। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
ग्राम पंचायत त्रिलोकपुर के प्रधान सुरेंद्र कुमार और कालाअंब पंचायत के उपप्रधान अशोक कुमार ने बताया कि इस समस्या को लेकर पुलिस थाना कालाअंब को लिखित शिकायत दी जाएगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे गलत दिशा में खड़े वाहनों और अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि त्रिलोकपुर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त बनाया जा सके और लोगों को सुरक्षित आवाजाही मिल सके।
