Hit and Run: टोल देने से बचने की कोशिश या लापरवाही? परवाणू टोल प्लाजा पर कर्मचारी को कार से रौंदकर चालक फरार
परवाणू: हिमाचल प्रदेश के प्रवेश द्वार परवाणू टोल प्लाजा पर दिनदहाड़े हुई हिट एंड रन की घटना ने सभी को झकझोर दिया। टोल कर्मचारी को टक्कर मारने के बाद कार चालक बिना रुके फरार हो गया, जबकि पूरी वारदात टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
बुधवार को परवाणू स्थित पुराने बैरियर टोल प्लाजा पर ड्यूटी के दौरान एक टोल कर्मचारी उस समय घायल हो गया, जब उसने एक कार को टोल भुगतान के लिए रुकने का इशारा किया। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, एचआर-49-8316 नंबर की कार के चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में कर्मचारी को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
पेट और हाथ में आई चोटें
टक्कर लगने से कर्मचारी को पेट और हाथ में चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद अन्य कर्मचारियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। राहत की बात यह है कि घायल कर्मचारी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
फास्टैग और नंबर प्लेट से हुई कार की पहचान
टोल प्रबंधन ने बताया कि संबंधित कार का नंबर टोल प्लाजा के फास्टैग रीडर और नंबर प्लेट स्कैनिंग सिस्टम में दर्ज हो गया है। इसी आधार पर वाहन की पहचान कर उसकी जानकारी पुलिस को सौंप दी गई है।
CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुटी
घटना की पूरी रिकॉर्डिंग सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वाहन की पहचान हो चुकी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह घटना एक बार फिर टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
