Mandi News: भारी बारिश से सराज में सड़कें ठप, मंडी-जंजैहली समेत 15 मार्ग बंद, सेब सीजन पर मंडराया संकट
मंडी। अगर बारिश का यही दौर जारी रहा तो सराज के बागवानों के लिए सेब सीजन बड़ी चुनौती बन सकता है।
मंडी-जंजैहली मुख्य सड़क समेत 15 संपर्क मार्ग बंद होने से लोगों की आवाजाही थम गई है और किसानों की चिंता बढ़ गई है।
लगातार हो रही बारिश ने मंडी जिले के सराज क्षेत्र में जनजीवन को एक बार फिर प्रभावित कर दिया है। भूस्खलन और पहाड़ियों से लगातार मलबा गिरने के कारण मंडी-जंजैहली मुख्य सड़क सहित 15 संपर्क सड़कें बंद हो गई हैं। कई स्थानों पर सड़क पर भारी मात्रा में मलबा जमा होने से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है।
जानकारी के अनुसार, मंडी-जंजैहली मुख्य मार्ग कई जगहों पर भूस्खलन के कारण प्रभावित है, जबकि मंडी-जंजैहली बाया धरोटधार सड़क कलहनी के पास भारी मलबा आने से पूरी तरह बंद हो गई है। इसके अलावा बगस्याड़-शिकावरी और बगस्याड़-थुनाग (बाया रैणगलू) सड़कें भी कई स्थानों पर अवरुद्ध हैं।
क्षेत्र की कई अन्य लिंक सड़कें भी बंद पड़ी हैं। इनमें से कुछ सड़कें 30 जून 2025 से हुए नुकसान के बाद अब तक पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बरसात के बीच सड़कें बंद होने से आगामी सेब सीजन और नकदी फसलों की ढुलाई को लेकर किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है। अगले 10 से 15 दिनों में सराज क्षेत्र में सेब सीजन शुरू होने वाला है, जबकि लोअर सराज में इन दिनों टमाटर की फसल बड़े पैमाने पर मंडियों तक भेजी जा रही है। ऐसे में सड़कें बंद रहने से किसानों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।
स्थानीय किसानों और बागवानों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मांग की है कि बरसात और बागवानी सीजन को देखते हुए अतिरिक्त मशीनें और श्रमिक तैनात कर बंद सड़कों को युद्ध स्तर पर बहाल किया जाए, ताकि लोगों को आवागमन और कृषि-बागवानी कार्यों में राहत मिल सके।
उधर, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सराज मंडल के सहायक अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि बंद सड़कों को जल्द से जल्द खोलने के लिए मशीनें और श्रमिक मौके पर तैनात कर दिए गए हैं तथा बहाली का कार्य लगातार जारी है।
