HPRCA Result 2026: 78 लोक प्रशासन शिक्षक पदों का रिजल्ट जारी, 4 अगस्त को होगा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
हिमाचल में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है।
HPRCA ने लोक प्रशासन शिक्षक भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है और सफल उम्मीदवारों के लिए दस्तावेज सत्यापन की तारीख भी घोषित कर दी है।
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) ने लोक प्रशासन विषय के शिक्षकों के 78 पदों (पोस्ट कोड-26034) को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए 30 जून 2026 को आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट (CBT) का परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने परीक्षा परिणाम अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है, जहां अभ्यर्थी अपना परिणाम देख सकते हैं।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि परीक्षा में सफल घोषित 93 उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन 4 अगस्त 2026 को सुबह 10:00 बजे से आयोग के परिसर में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पात्र उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन की सूचना उनकी पंजीकृत ईमेल आईडी पर भेजी जाएगी। इसके लिए अलग से कोई कॉल लेटर या डाक के माध्यम से सूचना नहीं भेजी जाएगी।
दस्तावेज सत्यापन के लिए क्या-क्या लाना होगा?
दस्तावेज सत्यापन के दौरान उम्मीदवारों को अपने साथ:
सभी आवश्यक मूल दस्तावेज,
प्रत्येक दस्तावेज की दो-दो सेल्फ अटेस्टेड फोटो कॉपी,
आवेदन पत्र की डाउनलोड की गई प्रति,
वैध पहचान पत्र (ID Proof) साथ लाना अनिवार्य होगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि और समय पर दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं होता है, तो उसे बाद में कोई अतिरिक्त अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा। इसलिए सभी सफल अभ्यर्थियों को समय पर उपस्थित होने की सलाह दी गई है।
