हिमाचल: राजगढ़ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से 3.55 ग्राम चिट्टा बरामद, शिमला का युवक गिरफ्तार
राजगढ़ (सिरमौर): सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक कार से 3.55 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिनांक 20 जुलाई 2026 को डिटेक्शन सेल राजगढ़ की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कार नंबर HP-09B-2950 में सवार एक व्यक्ति गिरीपुल से नेरीपुल की ओर चिट्टा (हेरोइन) की खेप लेकर आ रहा है। सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी के पास मादक पदार्थ की बड़ी खेप हो सकती है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जघेड़ क्षेत्र में नाकाबंदी की और संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 3.55 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान कमल पुत्र निवासी गांव पड़गैया, डाकघर चनैर, तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था तथा इसे किसे सप्लाई किया जाना था। सिरमौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
